विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का हुआ ऐतिहासिक स्वागत, नेदुला बाईपास पर उमड़ा जनसैलाब।
Oplus_2228224
गगनभेदी नारों और पुष्पवर्षा से गूंज उठा पूरा क्षेत्र, युवाओं से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक में दिखा उत्साह।
संतकबीरनगर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के जनपद आगमन पर खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। खलीलाबाद के विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में नेदुला बाईपास पर हजारों की संख्या में जुटे लोगों ने गगनभेदी नारों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया।


प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काफिला जैसे ही गोरखपुर की ओर से नेदुला बाईपास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद विधायक अंकुर राज तिवारी के समर्थकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नारों के साथ उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूरा क्षेत्र भाजपा के नारों से गूंज उठा और स्वागत स्थल पर उत्साह का माहौल बन गया।
इस दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी स्वयं स्वागत की कमान संभाले नजर आए। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को फूल-मालाओं से लाद दिया और पुष्पवर्षा कर आत्मीय अभिनंदन किया। भारी संख्या में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने इस स्वागत कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

अभिनंदन से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं के समर्पण और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी को ऐसे ही समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, जो संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करते हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जनपद में संगठनात्मक प्रवास पर पहुंचे थे। उनका काफिला नेदुला बाईपास पर स्वागत के बाद भाजपा जिला कार्यालय की ओर रवाना हुआ। इस दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम जनपद में राजनीतिक और संगठनात्मक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
