खलीलाबाद के दो विद्यालयों में ‘एक स्वर एक संविधान’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मूल अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक !
संत कबीर नगर !
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में चल रहे ‘संविधान संवाद’ एवं ‘एक स्वर एक संविधान’ अभियान के तहत मंगलवार को खलीलाबाद के दो विद्यालयों में विधिक व संवैधानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कुड़ी लाल रुंगटा इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारी सुश्री अनन्या साह ने प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मूलभूत अधिकारों, मूल कर्तव्यों और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को दैनिक जीवन व सामाजिक व्यवहार में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि कानून व संविधान की समझ प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है, जिससे लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ कर्तव्यों का सही ढंग से पालन कर सकें। साथ ही, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।
वहीं, दूसरी ओर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) फास्ट ट्रैक द्वितीय सुश्री निधि मिश्रा द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया और छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया।
