मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, भोजनालय पर सामान के लेन-देन को लेकर बीच-बचाव करने आए अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या ! 3 गिरफ्तार।
खलीलाबाद – संतकबीरनगर !
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मोहल्ला विधियानी (स्टेशन रोड) पर उस वक्त कोहराम मच गया, जब मामूली कहासुनी और सामान के लेन-देन का विवाद एक जघन्य हत्या में बदल गया। दुकान पर हुए खूनी संघर्ष के दौरान बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग पिता को दबंगों ने इस बेरहमी से पीटा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी शिवम जायसवाल पुत्र चिरंजीव लाल जायसवाल ने थाने पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। घटना 9 अक्टूबर 2026 की रात की है, जब शिवम अपनी माता के साथ ‘जायसवाल भोजनालय’ पर मौजूद था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले महेन्द्र जायसवाल, अमरनाथ जायसवाल, रिंकू जायसवाल और शिवकुमार जायसवाल दुकान पर पहुंचे और सामान की बिक्री व पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद खड़ा कर दिया।
आरोप है कि दबंगों ने एकराय होकर दुकान में जबरन घुसकर शिवम और उसकी माता के साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब शिवम के पिता चिरंजीव लाल जायसवाल बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। इस क्रूर मारपीट में गंभीर रूप से घायल चिरंजीव लाल जायसवाल को जब अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन गिरफ्तार –
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।
प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर हत्या के अभियोग में वांछित तीनों मुख्य अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है: –
- रिक्कू उर्फ रिंकू पुत्र शिवकुमार जायसवाल (निवासी – विधियानी स्टेशन रोड, खलीलाबाद) !
- अमरनाथ पुत्र शिवकुमार जायसवाल (निवासी – विधियानी स्टेशन रोड, खलीलाबाद) !
- महेन्द्र जायसवाल पुत्र शिवकुमार जायसवाल (निवासी – विधियानी स्टेशन रोड, खलीलाबाद) !
पुलिस की पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पैसों के लेन-देन को लेकर शिवम जायसवाल के साथ कहासुनी हुई थी। इसी बीच-बचाव के दौरान चिरंजीव लाल जायसवाल मौके पर आए और धक्का-मुक्की के दौरान जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। बहरहाल, पुलिस ने हत्या की धाराओं (बीएनएस की सुसंगत धाराओं) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
