जिलाधिकारी अनुज मलिक ने की डूडा योजनाओं की समीक्षा, पीएम स्वनिधि और आवास योजना में तेजी लाने के कड़े निर्देश।
संतकबीर नगर ।
कलेक्ट्रेट कक्ष में जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अंतर्गत संचालित समस्त विकास योजनाओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सत्य प्रकाश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के प्रमुख बिंदु और निर्देश –
पीएम स्वनिधि योजना: जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान समस्त अधिशाषी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक ऋण आवेदन करवाएं। इसके साथ ही, कर्मचारियों को नामित कर आवेदकों को सीधे बैंकों तक पहुंचाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना – शहरी 2.0: इस योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि जांच कमेटी के पास लंबित पड़े आवेदनों की पात्रता की जांच जल्द से जल्द पूरी कराई जाए और रिपोर्ट डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना – इस योजना के तहत संबंधित सहायक अभियंता और अवर अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे जारी किए गए कार्यादेश के सापेक्ष निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
समीक्षा बैठक के दौरान अपर उप जिलाधिकारी एवं परियोजना अधिकारी डूडा सुधीर कुमार, शहर कार्यक्रम प्रबंधक ज्ञानेन्द्र शुक्ला सहित जनपद के विभिन्न नगर पंचायतों के अधिशाषी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

