मूसलाधार बारिश में सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, बहराइच-गोंडा मार्ग का लिया जायजा ।
पेड़ गिरने से प्रभावित यातायात को तत्काल कराया सुचारु, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश ।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच ।
जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के बीच जनसुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। रविवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बहराइच-गोण्डा मार्ग का स्थलीय भ्रमण कर बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग के विभिन्न स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं के कारण गिरे पेड़ों से प्रभावित यातायात व्यवस्था को देखा गया। अधिकारियों के निर्देश पर मार्ग में गिरे पेड़ों को तत्काल हटवाकर आवागमन सुचारु कराया गया।

डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया कि लगातार खराब मौसम को देखते हुए सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। कहीं भी पेड़, बिजली के खंभे अथवा अन्य किसी प्रकार का अवरोध गिरने की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे हटवाया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ-साथ जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को भी जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरी तरह सतर्क रहें। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से प्रभावित मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने आमजन से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
