नगर पंचायत बोर्ड बैठक में सभासदों ने जताई नाराजगी, जर्जर मार्गों और नालियों का निर्माण कराने की मांग !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया – बहराइच !
नगर पंचायत रिसिया कार्यालय के मीटिंग हाल में मंगलवार को अध्यक्ष मुन्नी देवी की मौजूदगी में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। अधिशासी अधिकारी सचिन कुमार पांडेय अवकाश पर होने के कारण उनके स्थान पर प्रधान लिपिक नवीन कुमार मौजूद रहे। बैठक में चयनित 11 सदस्यों में आठ निर्वाचित तथा नामित तीन सदस्यों में से एक सदस्य उपस्थित रहा।
बैठक की कार्यवाही शुरू होते ही सभासद जुबेर खान ने पूर्व में पारित प्रस्तावों के अनुसार मार्ग और नाली निर्माण कार्य कराए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पुराने प्रस्तावों के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही नए प्रस्ताव किए जाएं।
इस संबंध में आठ सदस्यों की ओर से अध्यक्ष मुन्नी देवी की मौजूदगी में प्रधान लिपिक नवीन कुमार को लिखित मांगपत्र सौंपकर रिसीव कराया गया। मांगपत्र पर जुबेर खान, आकाश गुप्ता, राकेश निगम, आशीष सिंह, राजू पाल, रुबीना, प्रियंका देवी और अरविंद गौतम समेत सदस्यों के हस्ताक्षर बताए गए हैं। सदस्यों ने मांग की कि पूर्व में प्रस्तावित निर्माण कार्य पहले पूरे कराए जाएं और इसके बाद होने वाली अगली बैठक में नए प्रस्ताव रखे जाएं।
सभासदों ने बताया कि इंदिरा नगर, ऋषि भूमि, आजाद नगर, देवीपुरा, गायत्री नगर, राजेंद्र नगर, नानकपुरा और शास्त्री नगर मोहल्लों में करीब एक वर्ष पूर्व नाली निर्माण और जर्जर मार्गों के निर्माण के प्रस्ताव किए गए थे। आरोप है कि प्रस्ताव पारित होने के बावजूद अब तक कई स्थानों पर निर्माण कार्य नहीं कराया गया है।
सभासदों ने कहा कि जब तक पूर्व में किए गए प्रस्तावों के अनुसार निर्माण कार्य नहीं कराए जाते, तब तक नए प्रस्ताव नहीं किए जाएंगे। बैठक में मौजूद सदस्यों ने लंबित कार्यों को लेकर नाराजगी जताते हुए पूर्व में पारित प्रस्तावों के अनुसार शीघ्र निर्माण कार्य कराने की मांग की।
