घर में घुसकर नाबालिग बच्चों से छेड़छाड़ व मारपीट, पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार।
ब्यूरो रिपोर्ट- के0 पी0 मौर्य
संतकबीर नगर-
जनपद अंतर्गत थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम ढोढ़ई से एक गंभीर मामला सामने आया है। घर में घुसकर नाबालिग बच्चों से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता विद्यावती ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 4 अगस्त की शाम वह अपने पति और एक पुत्री के साथ घर से बाहर गई थीं। घर पर उनकी 14 वर्षीय पुत्री और 12 वर्षीय पुत्र मौजूद थे।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही आकाश और उसके भाई पवन घर में घुस आए तथा बच्चों के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
विरोध करने पर दोनों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और नाबालिग पुत्री के साथ अशोभनीय हरकत की।
विरोध करने पर परिवार पर हमला:
शोर सुनकर जब विद्यावती घर पहुंचीं और उन्होंने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, तो दोनों ने उनके साथ भी मारपीट कर धक्का दे दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ा पुत्र अमित घर पहुंचा, तो उसके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
नाबालिग बच्ची के सिर और आंख के पास भी चोटें आने की बात कही गई है।
पुलिस पर देरी का आरोप और एसपी से गुहार:
पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, लेकिन समय पर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के अगले दिन 5 अगस्त को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
उनका कहना है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है।
