संत कबीर नगर- खलीलाबाद में दिनदहाड़े ₹2 लाख की चेन उड़ाने वाला शातिर ‘कन्हैया’ गिरफ्तार ।
छोला – भटूरा खाते वक्त वारदात को दिया था अंजाम!
संत कबीर नगर ।
खलीलाबाद के मेंहदावल बाईपास पर दिनदहाड़े हुई ₹2 लाख से अधिक की सनसनीखेज चेन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पीली धातु (सोने) की चेन भी बरामद कर ली है। दिलचस्प बात यह है कि इस वारदात को तब अंजाम दिया गया था जब पीड़ित बाईपास पर आराम से छोला-भटूरा खा रहा था।
श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर दबोचा-
पुलिस कप्तान संदीप कुमार मीना के कड़े निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे हंटर अभियान को आज बड़ी कामयाबी मिली। क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर औद्योगिक क्षेत्र शमशान घाट के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे शातिर अभियुक्त कन्हैया को पुलिस टीम ने दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से लूटी गई चेन बरामद हुई।
छोला-भटूरा खाते वक्त झपट्टा मार दी थी वारदात-
यह पूरी वारदात किसी फिल्मी सीन जैसी थी। बीती 30 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे, केसार निवासी विष्णु सिंह मेंहदावल बाईपास पर छोला-भटूरा खा रहे थे। तभी अचानक घात लगाकर आए एक अज्ञात बदमाश (कन्हैया) ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। जब तक विष्णु सिंह कुछ समझ पाते, बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारा और ₹2 लाख से ज्यादा कीमत की सोने की चेन नोचकर रफूचक्कर हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत बीएनएस (BNS) की धारा 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया और साक्ष्यों के आधार पर इसमें धारा 317(2) की भी बढ़ोतरी की गई।
“हां, मैंने ही लूटी थी चेन” — आरोपी ने कबूला जुर्म ।
पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे शातिर लुटेरे कन्हैया ने घुटने टेक दिए। उसने कबूल किया कि 30 मई को मेंहदावल बाईपास पर छोला-भटूरा खा रहे व्यक्ति के गले से चेन झपटकर वही भागा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त कन्हैया (पुत्र राम अधारे), जो मोती नगर (एनडी पांडे गली) का स्थायी निवासी है और वर्तमान में अग्रवाल नेत्रालय के पीछे छोटी सरौली में रह रहा था, उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी है। साल 2018 में भी वह आबकारी अधिनियम के तहत जेल जा चुका है।
शातिर लुटेरे को श्मशान घाट के पास से दबोचने वाली टीम में ये जांबाज शामिल रहे: –
उ0 नि0 धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा (टीम प्रभारी), का० भानू प्रताप सिंह , का० मनीष यादव, का० राजन यादव।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और बरामदगी से इलाके के व्यापारियों और नागरिकों ने राहत की सांस ली है। आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
सुशील कुमार सिंह – (अपर पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर)
