जनपद में घरेलू गैस, पेट्रोल एवं डीज़ल की कमी नहीं:- जिला पूर्ति अधिकारी।
Oplus_16908288
ओटीपी के माध्यम से प्राप्त करें रिफिल।
अफवाहों पर ध्यान न दे आमजन
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच 13 मार्च।
जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी ने बताया कि जनपद बहराइच में घरेलू गैस सिलेण्डरों, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता में कोई समस्या नहीं है। सचिव, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार वर्तमान परिस्थितियों में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है तथा इसके अतिरिक्त पारदर्शी वितरण हेतु ओटीपी के माध्यम से रिफिल डिलीवरी की व्यवस्था की गयी है। श्री तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा जनपद के समस्त ऑयल कम्पनी तथा एल.पी.जी. कम्पनी के विक्रय अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि गैस एजेन्सियों/पम्प धारकों द्वारा किसी प्रकार की अनियमितता/मनमानी से सम्बन्धित शिकायत मिलने पर सम्बन्धित के विरूद्ध सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाय।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेण्डरों, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता के सम्बन्ध में किसी प्रकार का भ्रम न फैलने पाये इसके लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों विशेषकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म की सतत निगरानी की जा रही है। यदि किसी के द्वारा गैस सिलेण्डर की कमी आदि के सम्बन्ध में भ्रम फैलाया जाना पाया जाता है तो सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होंने बताया कि गैस वितरण से सम्बन्धित सूचनाओं के आदान प्रदान हेतु जिला पूर्ति कार्यालय तथा गैस वितरण से सम्बन्धित समस्याओं के निराकरण के लिए जिला आपदा कार्यालय, बहराइच में कंट्रोल रूम की स्थापना की जा रही है। श्री तिवारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में एलपीजी, डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं को सुझाव दिया है कि अनावश्यक रूप से गैस एजेन्सियों पर भीड़ न लगायें बल्कि ऑनलाइन बुकिंग के उपरान्त ओटीपी के माध्यम से सिलेण्डर प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न आवासीय संस्थाओं यथा-कारागार, सरकारी अस्पताल, शैक्षणिक संस्थानों-अटल आवासीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय, पुलिस लाइन/सीआरपीएफ/अन्य पुलिस बल, वृद्धाश्रम, बाल सुधार गृह आदि के प्रबन्धकों को सुझाव दिया गया है कि आवश्यकतानुसार घरेलू व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की मांग हेतु अभिलेखीय साक्ष्य सहित मांग पत्र जिला पूर्ति कार्यालय बहराइच को उपलब्ध करा दें ताकि अग्रिम कार्यवाही की जा सके।
