मगहर के बयारा चौराहे पर छाया अंधेरा ! विधायक निधि से लगी हाईमास्ट लाइट 6 महीने से खराब, ग्रामीणों और दुकानदारों में भारी आक्रोश।
- 2 साल पहले लगी थी लाइट, क्षेत्रीय विधायक अंकुर राज तिवारी द्वारा राहगीरों की सुविधा के लिए लगवाई गई थी हाईमास्ट लाइट।
संत कबीर नगर – मगहर।
विकास खण्ड खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम बयारा चौराहे पर लगा हाईमास्ट लाईट छः माह से खराब पड़ी है।जिससे पूरा चौराहा रात को अंधेरे में डूबा रहता है।जिसकी स्थानीय लोगों ने कई बार जिम्मेदारानों से शिकायत किया है। इसके बावजूद अभी तक हाईमास्ट लाईट ठीक नहीं हो सकी है।
मंझरिया से कटका तक जाने वाली सड़क ग्राम बयारा के चौराहे पर लगभग दो साल पहले क्षेत्रीय विधायक अंकुर राज तिवारी द्वारा जनहित को ध्यान में रखते हुए एक हाईमास्ट लाईट लगाया गया था।ताकि रात में आने जाने वाले राहगीरों को किसी तरह परेशानी नहीं होने पाए। हाईमास्ट लाईट लगने के डेढ़ साल तक बहुत अच्छे जल रही थी।किसान नेता रणजीत सिंह,राम स्वरूप मिश्रा,राजेन्द्र प्रसाद गौतम,राम बचन विश्वकर्मा,जसवंत साहनी,दौलत शर्मा,सतीश साहनी,कोइल साहनी,रमई टेलर,सीताराम ने बताया कि चौराहे विधायक निधि से लगाई गई हाईमास्ट लगभग छः महीने से खराब पड़ी हुई है।जिससे पूरा चौराहा शाम होने के साथ ही अंधेरे में डूब जाता है।अंधेरा होने से शाम को दुकानदारों का व्यापार प्रभावित होता है और लोगों भय बना रहता है कि अंधेरे का फायदा उठा कर असमाजिक तत्व कोई घटना को कारित कर सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चौराहे की हाईमास्ट लाईट के खराब होने की विधायक प्रतिनिधि उमेश तिवारी से कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक हाईमास्ट लाईट ठीक नहीं हो पाई है जिसके कारण चौराहे के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों की शिकायतों और मीडिया में मामला तूल पकड़ने के बाद, विधायक प्रतिनिधि उमेश चंद्र तिवारी ने साफ तौर पर कहा है कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा—
“क्षेत्र के बयारा चौराहे समेत जो भी हाईमास्ट लाइटें खराब हुई हैं, उनकी जानकारी मिल गई है। इसके लिए टेक्नीशियन की टीम को निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही सभी खराब लाइटों को ठीक कराकर चौराहे पर पुनः रोशनी बहाल कर दी जाएगी, ताकि राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।”
लोगों में जगी उम्मीद-
विधायक प्रतिनिधि के इस त्वरित और सकारात्मक बयान के बाद अब स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में यह उम्मीद बंध गई है कि जल्द ही छह महीने से छाया अंधेरा छंटेगा और बयारा चौराहा एक बार फिर दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा।
