धूमधाम से निकलीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं, विसर्जन के लिए घाट रवाना !
दुर्गा पूजा महासमिति के स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था, पुलिस की निगरानी में निकले जुलूस !
विसर्जन के लिए नगर भ्रमण करते हुए मां दुर्गा की प्रतिमाएं !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया बहराइच !
रिसिया नगर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन गुरुवार को धूमधाम और भक्तिमय माहौल में शुरू हुआ। नगर में दस दिनों से स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाएं दुर्गा पूजा महासमिति की अगुवाई में विसर्जन के लिए विश्राम घाट की ओर रवाना हुईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए। वहीं, संगीत की धुन पर महिलाएं और युवा नृत्य करते नजर आए।

प्रतिमाओं को क्रमबद्ध तरीके से विसर्जन के लिए रवाना करने की व्यवस्था दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष डॉ. राजू निगम की निगरानी में की गई। महासमिति के स्वयंसेवक विभिन्न चौराहों, नुक्कड़ों और धार्मिक स्थलों पर मुस्तैद रहे। प्रतिमाओं को नंबरिंग देकर निर्धारित क्रम में रवाना किया गया, जिससे जुलूस के संचालन में व्यवस्थित व्यवस्था बनी रहे।
नगर की आठ प्रतिमाओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की 41, श्रावस्ती की छह, बरुआ घाट की एक और दो अन्य प्रतिमाएं भी विसर्जन के लिए रवाना हुईं। जुलूस में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। युवाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की प्रतिमाएं शांतिपूर्ण ढंग से विश्राम घाट की ओर रवाना हुईं। विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद रही।

प्रतिमा विसर्जन जुलूस में पूर्व चेयरमैन राजेश निगम, चेयरमैन प्रतिनिधि रामू लाल, मनीष गुप्ता, राकेश निगम, शशांक यज्ञसेनी, महेश अग्रवाल, आकाश गुप्ता, अशोक कुमार शर्मा, कमलेश आर्य, शैंकी निगम, अरविंद गौतम, दुर्गेश चौधरी, गौरव गर्ग, अजितंजय भारतीय, रितिक भारतीय, पीयूष, कुश, आरव और मोहित सहित अन्य लोग शामिल रहे।
