DM के निर्देश पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 बीजों के नमूने लैब भेजे, एक दुकान को नोटिस।
संतकबीर नगर।
जनपद में नकली बीजों की बिक्री, कालाबाजारी और घटिया गुणवत्ता पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के नेतृत्व में तहसील हैंसर बाजार क्षेत्र की बीज दुकानों पर औचक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई से बीज और कीटनाशक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
संदिग्ध बीजों के 19 सैंपल जब्त –
निरीक्षण के दौरान अलग-अलग दुकानों पर संदिग्धता दिखने पर कुल 19 बीजों के नमूने सील किए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेजा जा रहा है। इनमें शामिल हैं।
धान के बीज: 15 नमूने ।
मक्का के बीज: 02 नमूने ।
सूडान घास चरी: 02 नमूने ।
एक दुकान को नोटिस जारी ।

जांच के दौरान हैंसर स्थित ‘शक्ति बीज भंडार’ में बड़ी अनियमिताएं पाई गईं। दुकान के कागजात/अभिलेख अधूरे थे और उन्होंने ‘साथी पोर्टल’ पर अपना अनिवार्य पंजीकरण भी नहीं कराया था। इस लापरवाही पर जिला कृषि अधिकारी ने दुकान को तत्काल नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
इन प्रमुख दुकानों पर हुई छापेमारी –
प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र के सरकारी और निजी दोनों केंद्रों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिनमें मुख्य रूप से ये दुकानें शामिल रहीं –
– कसौधन कृषि सेवा केंद्र (बन्डा बाज़ार) ।
– विशाल खाद भंडार (बन्डा बाज़ार) ।
– किसान बीज भंडार (सोनाड़ी) ।
– एग्री जंक्शन (सोनडी, हैंसर) ।
– यादव बीज भंडार, मोनू बीज भंडार, दयाराम कृषि बीज भंडार और शक्ति बीज भंडार (हैंसर) ।
– राजकीय बीज भंडार (नाथ नगर और हैंसर बाज़ार) ।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी –
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी दुकान का सैंपल अमानक (फेल) पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ बीज नियंत्रण आदेश के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कीटनाशकों की भी जांच, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध –
बीजों के अलावा टीम ने पौधों को बीमारियों से बचाने वाली कीटनाशक दवाओं के भी 03 नमूने जांच के लिए लिए हैं। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में खरीफ सीजन के लिए जनपद में पर्याप्त मात्रा में उत्तम क्वालिटी के बीज और कीटनाशक दवाएं उपलब्ध हैं, किसान भाई किसी भी अफवाह या पैनिक में न आएं।

