रामलीला मैदान में हुआ लंका दहन, हनुमान जी ने जलाई सोने की लंका !
मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों ने रामलीला का किया सजीव मंचन, लंका दहन देख दर्शक हुए भावविभोर !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
रिसिया नगर के रामलीला मैदान में आयोजित विजय दशमी महोत्सव के तहत नौवें दिन लंका दहन लीला का भव्य मंचन किया गया। मथुरा-वृंदावन से आए रासलीला कमेटी के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम की लीला के मंचन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
मंचन के दौरान दिखाया गया कि रावण के आदेश पर लंका में भगवान हनुमान जी की पूंछ में आग लगा दी जाती है। इसके बाद हनुमान जी उसी अग्नि से सोने की लंका में आग लगा देते हैं। देखते ही देखते लंका धू-धूकर जलने लगती है और चारों ओर हाहाकार मच जाता है। कलाकारों ने इस दृश्य को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।

विजय दशमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित रामलीला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लिया। आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
इस मौके पर जय प्रकाश अग्रहरी, मदन गोपाल यज्ञशैनी, गोपाल यज्ञशैनी, बाबादीन, सभासद अशोक कुमार शर्मा, सभासद आशीष सिंह, जगदीश गुप्ता, मनीष गुप्ता समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

