संत कबीर नगर- धनघटा। शिवलिंग पर पैर रखकर फोटो खिंचवाने वाला शिक्षक निलंबित ।
– फेसबुक पर फोटो पोस्ट करने पर गोरखपुर जनपद के थाना बेलघाट में दर्ज हुआ मुकदमा।
धनघटा, सन्तकबीर नगर ।
हैंसर विकास खण्ड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय औराडाड़ में तैनात शिक्षक अब्दुर्रहमान द्वारा पिछले दिनों शिवलिंग पर पैर रखकर फोटो खिंचवाने तथा उस फोटो को फेसबुक पोस्ट करने के मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। इस आशय का पत्र जारी करने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है। इससे पूर्व शिक्षक के इस कृत्य पर गोरखपुर जिले के बेलघाट थाने में भारतीय दण्ड संहिता (बी०एन०एस०) 2023 धारा 290 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज हुआ है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निलंबन पत्र में पूर्व में जारी शदनादेश का हवाला देते हुए कहा गया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राज्य है। अतः सरकारी कर्मचारियों द्वारा धर्मनिरपेक्षता बनाये रखना संवैधानिक आवश्यकता है। यद्यपि शासन उनके अधीन कार्यरत अधिकारियों तथा कर्मचारियों के व्यक्तिगत जीवन में कोई हस्तक्षेप नहीं करना चाहता, तथापि वह उनसे इस बात की अपेक्षा करता है कि वे ऐसे मौको तथा समारोहों में भाग न लें या अपने को किसी भी प्रकार से सम्बद्ध न करें, जो किसी जाति या धर्म विशेष से सम्बन्धित हों, किन्तु शासन का कोई विचार धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबन्ध लगाने का नहीं है। शासन केवल यह सुनिश्चित करना चाहता है कि उसके कर्मचारियों का कोई आचरण धर्म निरपेक्षता के प्रतिकूल न समझा जायेगा और न उससे जाति सम्बन्धी पूर्वाग्रह का आभास हो। शिक्षक अब्दुर्रहमान को शासनादेश का पूर्णतः उल्लघन एवं कर्मचारी आचरण नियमावली के सर्वथा विपरीत पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शिक्षक को निलम्बित करते हुए ब्लाक संसाधन केन्द्र विकास खण्ड हँसर बाजार से सम्बद्ध किया गया है। प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी खलीलाबाद को निर्देशित किया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। हिन्दू जागरण मंच के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश पाठक ने हिन्दू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शिक्षक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग किया है।
