रक्षाबन्धन पर्व पर बुज़ुर्ग महिलाओं को मिली निःशुल्क बस यात्रा की सौगात।
रक्षाबन्धन के लिए 27 से 29 अगस्त तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी सभी महिलाएं।
रक्षाबन्धन के अवसर पर महिलाओं को मिली साड़ी व मिष्ठान की सौगात।
उत्थान आडिटोरियम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण।
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 26 अगस्त।
इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ के जूपिटर हाल में आयोजित समारोह में प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा रक्षाबन्धन के पावन पर्व के अवसर पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने तथा 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से ‘‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’’ का शुभारम्भ करते हुए विशेष बसों का फ्लैग-ऑफ किया गया।

रक्षा बन्धन पर्व पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने तथा 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से ‘‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’’ के शुभारम्भ अवसर पर उत्थान आडिटोरियम में आयोजित समाारोह में मुख्य अतिथि मा0 राज्यमंत्री, नगर विकास, बहराइच शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरू जी’, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक सदर अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जयसवाल, भाजपा कार्यकर्ता राघवेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता व अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों, महिलाओं एवं आमजन की मौजूदगी में मा. मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखया गया।

समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मा. राज्यमंत्री श्री राठौर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबन्धन पर्व पर बहनों को अपने भाइयों एवं परिजनों के घर सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक ढंग से पहुंचने की सुविधा प्रदान करना है। निःशुल्क बस यात्रा से महिलाओं को आवागमन में राहत मिलने के साथ ही आर्थिक भार से भी निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सुविधा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रक्षाबन्धन के पावन अवसर पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करना सरकार की महिला हितैषी सोच का परिचायक है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पर्व के अवसर पर किसी भी महिला को आवागमन में परेशानी न हो और वे अपने परिवार के साथ हर्षाेल्लास से रक्षाबन्धन मना सकें।

मा. राज्य मंत्री श्री राठौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निःशुल्क बसों का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम में बताया गया कि मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को भी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। इससे वरिष्ठ महिला यात्रियों को आवागमन में सुविधा के साथ आर्थिक राहत भी प्राप्त होगी। रक्षाबन्धन के अवसर पर 27, 28 एवं 29 अगस्त 2026 को प्रदेश की सभी महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रदेश में यह अभिनव पहल महिला सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण की दिशा में प्रदेश सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। निःशुल्क बस यात्रा से महिलाएं रक्षाबन्धन पर अपने मायके एवं परिजनों के पास आसानी से पहुंच सकेंगी और पर्व की खुशियों में सहभागी बन सकेंगी। समारोह के अन्त में मुख्य अतिथि ने अन्य जनप्रतिकनिधियों, अतिथियों, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के साथ उपस्थित महिलाओं को साड़ी व मिष्ठान का वितरण रक्षाबन्धल पर्व की बधाई दी।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कवि संतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार, ए.आर.एम. ज्ञान चन्द्र अन्य अधिकारी, सहित परिवहन विभाग के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
