छोटी उम्र, बड़ी जिम्मेदारी! नौसीम फातमा बनीं एक दिन की थाना प्रभारी !
मिशन शक्ति 6.0: नौसीम फातमा बनीं एक दिन की थाना प्रभारी, करुणाकर पाण्डेय के साथ संभाली थाने की कमान !
जनता दरबार में सुनीं फरियादें, बच्चों के बीच मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज करने का दिया निर्देश !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की अनूठी पहल सामने आई। रिसिया थाना क्षेत्र के सैदा बभनी निवासी कक्षा सात की छात्रा नौसीम फातमा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के दौरान नौसीम फातमा ने थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते हुए जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

जनता दरबार में मामले को गंभीरता से लिया –
एक दिन की थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद नौसीम फातमा ने जनता दरबार में आए लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद में मारपीट से जुड़े मामले को उन्होंने गंभीरता से लिया। प्रकरण की जानकारी प्राप्त करने के बाद मामले में मुकदमा पंजीकृत करने का निर्देश दिया।

बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल –
मिशन शक्ति फेज 6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। नौसीम फातमा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाए जाने से बालिकाओं को आगे बढ़ने, अपनी बात निडरता से रखने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रिसिया के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक कोमल कश्यप सहित महिला पुलिसकर्मी नीरज, सलमा बानो, रोमी चौधरी, नीदा अंजुम, रजनी राजपूत और स्मिता सैनी मौजूद रहीं।
