बहराइच – नो मैपिंग नोटिस सुनवाई तथा मतदाता सत्यापन कार्य की डीएम ने की समीक्षा I
नो मैपिंग नोटिस सुनवाई तथा मतदाता सत्यापन कार्य की डीएम ने की समीक्षा I
रिपोर्ट -दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 01 मार्च।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अन्तर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नो मैपिंग एवं तार्किंक विसंगतियों की श्रेणी के मतदाताओं को जारी की जा रही नोटिसों, मतदाताओं की सुनवाई एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा बूथ लेबिल अधिकारियों के स्तर पर की जा रही कार्यवाही की समीक्षा हेतु शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई।
डीएम की समीक्षा बैठक में विशेष रूप से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 283-नानपारा के 03, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 284-मटेरा के 07, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 285-महसी के 01, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 286-बहराइच के 03 तथा विधानसभा निर्वान क्षेत्र 287-पयागपुर एवं 288-कैसरगंज के 01-01 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यों की समीक्षा की गई। उल्लेखनीय है कि इन सभी अधिकारियों की सुनवाई का प्रतिशत 60 प्रतिशत से कम है। डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नो मैपिंग के सम्बन्ध में जारी की गई नोटिस की सुनवाई तथा तार्किक विसंगतियों से सम्बन्धित मतदाताओं के सत्यापन का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लें।
डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में तैनात किये गये अतिरिक्त अधिकारियों, सुपरवाईज़र्स व बूथ लेबिल अधिकारियों से समन्वय कर कार्याें को तेज़ी के साथ समय से पूरा करायें। डीएम ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि नोटिसों की सुनवाई एवं तार्किक विसंगतियों की श्रेणी वाले मतदाताओं के सत्यापन के दौरान यदि किसी स्तर पर कोई समस्या आती है तो उसका समय से समाधान भी कराया जाय। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि सुनवाई स्थल पर ऐसी व्यवस्थाएं की जायें कि आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
