जिला निगरानी एवं समन्वय समिति (दिशा समिति) की वर्चुवल बैठक हुई आयोजित !!

जूम लिंक के माध्यम से आयोजित वी0सी0 में मा0 सांसद, मा0 विधायक सदर, मा0 विधायक मेंहदावल, मा0 विधायक धनघटा, मा0 विधान परिषद सदस्य, डीएम एवं सीडीओ तथा अधिशाषी अभियन्ता एन0एच0ए0आई0 सहित अन्य अधिकारी सम्मिलित हुए।
संत कबीर नगर 18 अक्टूबर 2024 *जिला निगरानी एवं समन्वय समिति (दिशा समिति) की वर्चुवल बैठक आयोजित की गयी। जूम लिंक के माध्यम से वी0सी0 में मा0 सांसद लक्ष्मीकान्त पप्पू निषाद जी (अध्यक्ष दिशा समिति), मा0 विधायक सदर अंकुर राज तिवारी जी, मा0 विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी जी, मा0 विधायक धनघटा गणेश चन्द्र चौहान जी एवं मा0 विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश जी, संतोष सिंह जी तथा जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट (सदस्य/सचिव दिशा समिति) महेन्द्र सिंह तंवर एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अधिशाषी अभियन्ता राष्ट्रीय मार्ग खण्ड लोक निर्माण विभाग बस्ती सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी सम्मिलित रहे।
जिसके अन्तर्गत जनपद संत कबीर नगर में खलीलाबाद बाई पास प्रस्तावित है, जिसके निर्माण हेतु सम्भावित रूट की कुल लम्बाई 15.2 कि0मी0 है एवं यह कुल 13 ग्राम पंचायत (बालूशासन, पिड़ारी, बाघाकोई, कोल्हूआलकड़ा, जंगलखुर्द, सरही ईस्ट, धौरहरा, मजगांवा उर्फ मंझरिया, कटबन्ध, अतरौलिया, गौसपुर, नहसापुर) से होकर जा रहा है। जिसमें कुल 69.3 हे0 का भूमि अधिग्रहण होना प्रस्तावित है। जिसके सम्बन्ध में मा0 जनप्रतिनिधिगण द्वारा सुझाव प्रस्तुत किये गये।
मा0 सांसद जी द्वारा खलीलाबाद बाईपास निर्माण को जनपद के इन्फ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेन्ट एवं अवागमन की सुलभता की दिशा में एक अच्छा प्रस्ताव बताया गया तथा भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा के संबंध में जानकारी चाही गयी कि क्या किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की जा रही है तथा उन्हें इसका कितना मुआवजा मिलेगा उक्त के संबंध में अधिशासी अभियन्ता, राष्ट्रीय राजमार्ग, लो0नि0वि0 बस्ती द्वारा अवगत कराया गया कि भूमि अधिग्रहण किसानों की सहमति के साथ प्रचलित नियमानुसार मुआवजा वितरण किया जायेगा।
मा0 विधायक जी मेंहदावल द्वारा यह सुझाव दिया गया कि खलीलाबाद बाईपास के निर्माण में आमी नदी पर बालूशासन के पास एक अतिरिक्त सेतु का निर्माण कराया जाए इस संबंध में अधिशाषी अभियन्ता राष्ट्रीय राजमार्ग, लो0नि0वि0 बस्ती द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में यातायात के दृष्टिगत ही बाईपास का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया एवं भविष्य के दृष्टिगत 45 मीटर चौड़ाई में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की जा रही है एवं भविष्य की आवश्यकतानुसार यातायात में वृद्धि होने पर अतिरिक्त सेतु का निर्माण प्रस्तावित करने हेतु मंत्रालय के संज्ञान में लाया जायेगा।
मा0 विधायक जी खलीलाबाद ने जानना चाहा कि प्रस्तावित बाईपास भूमि अधिग्रहण कितना मीटर होगा तथा निर्माण कितना चौड़ा होगा। अधिशाषी अभियन्ता ने अवगत कराया कि भूमि अधिग्रहण भविष्य के दृष्टिगत 45 मी0 चौड़ाई में होगा तथा निर्माण वर्तमान में 12 मी0 चौड़ाई में होगा। मा0 विधायक जी द्वारा यह जानकारी चाही गयी कि एन0एच0-27 एवं रेलवे क्रासिंग हेतु कहां पर आर0ओ0बी0 का प्रस्ताव दिया गया है। इसके सम्बन्ध में अधिशाषी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि एन0एच0-27 पर आर0ओ0बी0(वायाडक्ट) जिसकी लम्बाई 150 मी0 लगभग है जिसमें रेलवे क्रासिंग सम्मिलित करते हुए प्रस्ताव तैयार किया गया है।
मा0 विधायक जी धनघटा द्वारा यह सुझाव दिया गया कि यातायात को देखते हुए धनघटा चौराहे पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए एक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाए। इस सम्बन्ध में अधिशाषी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि धनघटा चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण उक्त परियोजना में सम्मिलित किया जाना प्रस्तावित है।
मा0 सदस्य विधान परिषद सुभाष यदुवंश ने भी कहा कि खलीबाद बाईपास अच्छा प्रस्ताव है इससे जिले का विकास होगा।
मा0 सदस्य विधान परिषद जी ने कहा कि यह अच्छा प्रस्ताव है इसके लिए सभी को धन्यवाद। जनप्रतिनिधिगण जो सुझाव दिए है उस पर सम्यक विचार किया जाए।
उक्त समस्त बिन्दुओं का संज्ञान में लेते हुए मा0 सांसद महोदय तथा मा0 जनप्रतिनिधिगण द्वारा खलीलाबाद बाईपास के विकल्प-01(लम्बाई14.10 कि0मी0)के संरेखण को अनुमोदित करते हुए अग्रिम कार्यवाही की संस्तुति दी गयी है।