सांप के डसने से महिला की मौत, सहजनवां की स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल।
गोरखपुर - पाली।
पाली ब्लॉक के उसरी गांव की 45 वर्षीय बेचनी देवी की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह घर की सफाई के दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन इलाज के लिए सहजनवां ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बेचनी देवी के पति ओम प्रकाश बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। परिवार में चार बच्चे बताए जा रहे हैं। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों और स्थानीय लोगों का सवाल है कि अगर सहजनवा में सांप के काटने की जरूरी दवा और तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध होती, तो शायद एक परिवार उजड़ने से बच जाता।
सदन में स्थानीय विधायक सहजनवां अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को शानदार बताते रहे हैं। लेकिन इस घटना ने उन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़ा कर दिया है।
मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर में अगर गरीबों को समय पर इलाज नहीं मिल पाए, तो फिर सवाल उठना लाजिमी है—आखिर जिम्मेदार कौन है?
