श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी को किया गया याद।
# सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
# कहा- जनसेवा, विकास और संगठन के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट – के0 पी0 मौर्य
संतकबीर नगर-
जनपद अंतर्गत पूर्व सांसद स्वर्गीय शरद त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर मगहर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अंकुर राज तिवारी ने कहा कि स्वर्गीय शरद त्रिपाठी ने अपने राजनीतिक जीवन में जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। क्षेत्र के विकास, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए उनके प्रयास हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शरद त्रिपाठी का सरल व्यक्तित्व, स्पष्ट सोच और समाज के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से संतकबीरनगर की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
