अज्ञात वाहन की ठोकर से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत ।
धनघटा, सन्तकबीर नगर ।
धनघटा थाना क्षेत्र के निहैला गांव के निकट रामजानकी मार्ग पर शनिवार को पैदल टहलने निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत हो गयी। मृतक की पहचान अजांव गांव निवासी रामजी पुत्र मंगरु के रूप में हुई। स्थानीय लोगों द्वारा रामजी को घायलवस्था में सीएचसी हैंसर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से परिजनों में संकट का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम अजांव निवासी 70 वर्षीय रामजी पुत्र मंगरु रोज की भांति शनिवार की सुबह टहलने के लिए घर से निकले। अभी वह एक किलोमीटर दूर निहैला गांव के निकट पहुंचे थे तभी सामने से आ रही अज्ञात चार पहिया वाहन ने ठोकर मार दिया। अज्ञात वाहन की ठोकर लगने से रामजी अचेत अवस्था मे सड़क पर गिर गए। सड़क से गुजर रहे लोगो ने शोर मचाया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। शिनाख्त होने के बाद रामजी को सीएचसी हैंसर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से स्वजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
