संतकबीर नगर- धनघटा। संदिग्ध स्थित में युवती की मौत, मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप ।
धनघटा, सन्तकबीर नगर।
घनघटा क्षेत्र के बिशुनपुरवा गांव में बीती रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। इससे ससुराल के लोग आए दिन उसे प्रताडित करते थे।
जानकारी के अनुसार सीयर खुर्द गांव निवासी रमाकांत की 20 वर्षीय पुत्री विद्या की शादी वर्ष 2025 में पड़ोसी गांव के विशुनपुरवा निवासी अमरजीत पुत्र स्वर्गीय धर्मेंद्र से हुई थी। दोनों ने प्रेमे विवाह किया था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में घरेलू बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार की शाम खाना बनाने को लेकर विद्या और ससुराल के लोगों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विद्या नाराज होकर वह घर से बाहर जाने लगी, जिस पर उसे कमरे में बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो विद्या फंदे से लटकी मिली। यह देख परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैसर ले गए, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। माता-पिता का से रोकर बुरा हाल था। मायके वालों ने आरोप लगाया कि विद्या को ससुराल के लोग काफी प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि ससुरालियों ने विद्या की हत्या कर दी।
इस संबन्ध में प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
