संत कबीर नगर – सीओ कार्यालय धनघटा पर ग्रामीणों का प्रदर्शन ।
धनघटा, सन्तकबीर नगर ।
महुली थाना क्षेत्र के बघाड़ी उर्फ परसादीपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों से जलकर हुई विवाहिता की मौत के मामले में बयान दर्ज कराने शुक्रवार को सीओ कार्यालय धनघटा पहुंचे ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल गंगाराम निषाद, सुरेंद्र निषाद, उमेश गणेश, द्रौपदी देवी, रेशमा देवी, पाना देवी का आरोप है कि गत 27 मई की सुबह विवाहिता माया देवी पत्नी रमेशचंद्र घर में घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान किसी दुर्घटनावश आग लग गई, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल ले जाने की तैयारी के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर कमरे का बंद दरवाजा तोड़ा, तब माया जली अवस्था में मृत मिली। प्रदर्शनकास्थिों ने आरोप लगाया कि मृतका के भाई श्यामकरन यादव निवासी खलीलाबाद की तहरीर पर पुलिस ने बिना ठोस साक्ष्य के पति, जैन और जेठानी के विरुद्ध दहेज हत्या व घरेलू हिंसा का पुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई थी।
इस संबन्ध में सीओ धनघटा अभयनाथ मिश्र ने कहा कि मेरे कार्यालय पर ग्रामीण आए थे लेकिन वह प्रदर्शन करने नहीं बल्कि घटना के बारे में बयान दर्ज कराने आये थे। विवाहिता की मौत के मामले की चल रही जांच के क्रम में सबके बयान लिए गए हैं। निष्पक्ष जांच का ग्रामीणों को भरोसा दिया गया।
