मनोनीत सभासद के नेतृत्व में चला आमी नदी की सफाई अभियान ।
नगर वासियों ने कहा अच्छी पहल ।
मगहर – संतकबीर नगर।
नगर पंचायत मगहर के दो मनोनीत सभासद के संयुक्त नेतृत्व में रविवार को आमी नदी की सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सभासदों, स्थानीय युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नदी किनारे फैली गंदगी,प्लास्टिक एवं अन्य कचरों को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस पहल को लेकर लोगों ने भी उत्साह दिखाया और सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

नगर के मनोनीत सभासद गौरव निषाद एवं अरूण गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में सफाई अभियान की शुरुआत आमी नदी तट पर हुई। इसके बाद लोगों ने नदी के किनारों पर जमा गंदगी,जलकुंभी को साफ कर कूड़े का उचित निस्तारण किया। अभियान का नेतृत्व कर रहे सभासद द्वय ने कहा कि नमामि गंगे योजना में शामिल कर आमी नदी को भी साफ किया जाना चाहिए।जिससे आमी नदी को संरक्षित और सुरक्षित रखा जा सके।विश्व विख्यात महान सूफी संत कबीर की अमिया (आमी) नदी जनपद की पहचान एवं आस्था का केंद्र है,लेकिन लगातार बढ़ते प्रदूषण और गंदगी के कारण इसकी स्थिति बेहद चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नदी की सफाई एवं संरक्षण को लेकर गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को इसका दुष्परिणाम भुगतना पड़ेगा।उन्होंने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा कि नदी में कूड़ा-कचरा,प्लास्टिक एवं पूजा सामग्री न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। अभियान के दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक भी किया गया।स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय बाद इस तरह का अभियान चलाया गया है, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत से नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने एवं नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने की मांग की।सफाई अभियान में सभासदों के अलावा नगर पंचायत कर्मी, सामाजिक संगठन के सदस्य, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सफाई अभियान के समापन पर सभी ने आमी नदी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।इस दौरान अब्दुर्रहमान विक्की खान,विद्याधर यादव,अमरजीत वर्मा,पुष्पेश रावत,अमन कन्नौजिया,मनीष कन्नौजिया,सबलू अंसारी,दया गुप्ता के अलावा सफाई नायक सुनील गुप्ता, अशोक कन्नौजिया,संजय गुप्ता,रूप चन्द आदि लोग शामिल रहे।
