12 सितंबर को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर बैठक संपन्न, पारिवारिक मामलों के निस्तारण की अपील।
संतकबीर नगर।
आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आहुत की गई। माननीय जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में हुई इस बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह और प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नासिर अहमद ने आगामी लोक अदालत में अधिकतम वादों के सफल निस्तारण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने जानकारी दी कि सभी न्यायालयों से जारी नोटिसों की तामीला तेजी से कराई जा रही है और राष्ट्रीय लोक अदालत से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
प्री-लिटिगेशन स्तर पर भी सुलझाए जा सकेंगे पारिवारिक विवाद
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नासिर अहमद ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि लोग आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें और इसका पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे पारिवारिक मामले जो वर्तमान में किसी न्यायालय में लंबित नहीं हैं, उन्हें भी प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलह-समझौते के माध्यम से आसानी से निस्तारित कराया जा सकता है।
इसके लिए पक्षकारों को केवल एक सामान्य प्रार्थना पत्र में अपने आपसी विवाद का विवरण लिखकर देना होगा। लोक अदालत में आपसी सहमति से निस्तारित होने वाले इन मामलों का आदेश न्यायालय की डिक्री के समान ही मान्य और प्रभावशाली होगा।
