विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत प्राकृतिक खेती पर जोर

विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत प्राकृतिक खेती पर जोर
प्रति दिन नौ गाँव में किसानों को दी जा रही जानकारी
धनघटा- संतकबीर नगर ।
पौली ब्लाक क्षेत्र में शनिवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में प्रति दिन नौ गांवों में पहुंचकर कृषि वैज्ञानिक व कृषि विभाग के अधिकारी किसानों से प्राकृतिक खेती करने पर जोर दे रहे है। अभियान के क्रम में शनिवार को बरगदवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख पौली राम मिलन यादव ने कहा कि खेती में रसायनों का अंधाधुंध प्रयोग का असर अब साफ दिखने लगा है। उपजाऊ जमीनें ऊसर हो रही है। पैदावार घटने लगी है। ऐसी स्थित में सभी किसान प्राकृतिक खेती पर जोर दे। अभियान कार्यक्रम की शुरुआत कृषि विज्ञान केंद्र बगही के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ राजेश चन्द्र वर्मा ने किया। यह कार्यक्रम पौली क्षेत्र के ग्राम पंचायत विशुनपुर, छपरा मगर्वी, बुजर्गवार में कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग के अधिकारी की मौजूदगी में हुआ।
वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ राजेश चन्द्र वर्मा, वैज्ञानिक डॉ देवेश कुमार, कृषि अभियंत्रण डा तरुन कुमार, कृषि वानिकी डा दुर्गेश मौर्या और डा प्रकाश चन्द्र ने अपने अपने विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सभी किसान प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दे। इस दौरान खरीफ फसलों के लिए आधुनिक तकनीकों की जानकारी, सरकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार फसल और उर्वरक चयन की जानकारी, किसानों से फीडबैक प्राप्त कर नवाचार दस्तावेज़ बनाने आदि पर चर्चा हुई। साथ ही उन्नत तकनीकों व योजनाओं की जानकारी, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, कृषि-ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन, धान की सीधी बुआई, फसल विविधिकरण पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर डा. सीपी सिंह भूमि संरक्षण अधिकारी ने भी अभियान के विषय पर जानकारी दी।