तहसील पयागपुर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच 04 अप्रैल।
जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु प्रत्येक माह के प्रथम और तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में तहसील पयागपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी पयागपुर सहित अन्य अधिकारियों केे साथ जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील पयागपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त हुए 83 प्रार्थना-पत्रों में से 07 का निस्तारण मौके पर किया गया। इसी प्रकार तहसील नानपारा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 58 में 07, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 18 में 02, कैसरगंज में 72 में 08, महसी में 29 में 03 तथा तहसील सदर में प्राप्त 31 प्रार्थना-पत्रों में से 02 का निस्तारण मौके पर किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री श्रीवास्तव ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील दिवस सहित अन्य स्तरों से प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाय। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध, प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकता है इसलिए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्य दिवस में प्रातः 10ः00 बजे से मध्यान्ह 12ः00 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करें। इस अवसर पर अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
