तहसील नानपारा के सीमा क्षेत्र में अवैध कब्जों पर बड़े एक्शन की तैयारी।
Oplus_16908288
तहसील नानपारा के सीमा क्षेत्र में अवैध कब्जों पर बड़े एक्शन की तैयारी।
एसडीएम ने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 02 फरवरी।
भारत-नेपाल सीमा से सटे 0 से 15 किलोमीटर के संवेदनशील क्षेत्र में सरकारी भूमि एवं नो-मेन्स लैंड पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई को लेकर तहसील नानपारा सभागार में उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने राजस्व, पुलिस, एसएसबी एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, विधिसम्मत, नियमो के अंतर्गत और समयबद्ध तरीके से संयुक्त रूप से संपन्न की जाए ताकि आम जनमानस में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
तहसीलदार नानपारा द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में बताया गया कि 0 से 15 किलोमीटर के दायरे में कुल 367 अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे, जिनमें से 184 अतिक्रमण पहले ही हटवाए जा चुके हैं। वहीं 13 अवैध कब्जों को और हटाया जा रहा है। शेष मामलों में से 19 अतिक्रमणों को अगले तीन दिनों के भीतर हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि बाकी पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने कहा की सीमा क्षेत्र में सुचारू प्रशासन, भूमि संरक्षण और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हटाये गये कब्ज़ों के स्थान पर दोबारा अवैध कब्ज़ा करने वालों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाये। बैठक में मौजूद अधिकारियों द्वारा फील्ड स्तर पर समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी बनाने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा, 42वीं वाहिनी एसएसबी बहराइच के प्रतिनिधि, उप प्रभागीय वनाधिकारी के प्रतिनिधि (वन क्षेत्राधिकारी), तहसीलदार नानपारा, नायब तहसीलदार नवाबगंज, थाना रूपईडीहा के प्रभारी निरीक्षक तथा नवाबगंज, चरदा व केवलपुर क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक एवं संबंधित लेखपाल मौजूद रहे।
