सीडीओ ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ फाईलेरिया रोधी दवा का किया सेवन कलेक्ट्रेट में सम्पन्न हुई समीक्षा बैठक
सीडीओ ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ फाईलेरिया रोधी दवा का किया सेवन कलेक्ट्रेट में सम्पन्न हुई समीक्षा बैठक
ब्यूरो रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
सफी खान
आज का भारत लाइव
बहराइच 12 अगस्त। फाइलेरिया जैसी गम्भीर व लाइलाज बीमारी के उन्मूलन के लिए जिले के कैसरगंज, तेजवापुर व नवाबगंज विकास खण्डों में 10 अगस्त से 28 अगस्त तक चलाये जा रहे सामूहिक दवा सेवन (एम.डी.ए.) अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र की अध्यक्षता में अन्तर विभागीय बैठक सम्पन्न हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अभियान के अन्तर्गत लगभग 7,27,000 जनसंख्या को फाइलेरिया औषधि डी.ई.सी. एवं एल्बेन्डाज़ाल टेबलेट घर-घर जाकर अपने सामने खिलाई जा रही है। अभियान के सफल संचालन हेतु 645 टीम एवं 112 पर्यवेक्षक लगाये गये हैं। प्रत्येक टीम द्वारा 01 दिन में 25 घरों को आच्छादित किया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं, गम्भीर बीमार व्यक्ति और 02 वर्ष से छोटे बच्चों को यह दवा नहीं खिलाई जायेगी।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि फाइलेरिया मच्छर जनित रोग है जो हाथों पैरों, महिलाओं के स्तनों तथा हाईड्रोसील के रूप में सामने आता है। फाइलेरिया रोग का इलाज नहीं लेकिन रोकथाम संभव है। फाइलेरिया रोग से बचाव हेतु दवा का सेवन करने से इस रोग का प्रसार चक्र टूट जाता है। जिससे फाईलेरिया रोगी के नये मामले सामने नहीं आते हैं। मुख्य विकास अधिकारी श्री चन्द्र ने निर्देशित किया कि माइक्रोप्लान के आधार पर प्रत्येक टीम घर-घर जाकर सामने ही दवा खिलायें एवं रोग से बचाव तथा कारण के सम्बन्ध में आम जनमानस को जागरूक भी करें। साथ ही आमजनमानस को मच्छरों से बचाव हेतु उपाय करने के लिए प्रेरित भी किया जाय। जनपद एवं ब्लाक स्तरीय पर्यवेक्षक भ्रमण के दौरान इस बात को सुनिश्चित करें कि टीम द्वारा अपने सामने ही दवा खिलायी जाय।
बैठक में उपस्थित बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कोई भी बच्चा दवा के सेवन से वंचित न रहने पाये। उपस्थित समस्त विभागों को निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा जारी दिशा निर्देश के आधार पर अभियान के सफल संचालन में अपेक्षित सहयोग प्रदान करना सुनिश्चित करें एवं स्वास्थ्य विभाग समय से पोर्टल पर प्रतिदिन रिपोर्ट अपलोड करना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान सीडीओ एवं उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं दवा को सेवन किया।
