स्कूल चलो अभियान जागरूकता रैली को एम.एल.सी. ने दिखायी हरी झण्डी।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
बहराइच 09 अप्रैल।
नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 में 06 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं का परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन कराये जाने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर 01 से 15 अप्रैल 2026 तक संचालित किये जा रहे अभियान अन्तर्गत एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूल चलो अभियान आगरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में बाल शिक्षा निकेतन, तारा गर्ल्स इण्टर कालेज, आर्यकन्या इण्टर कालेज, प्रा.वि. ढपालीपुरवा सहित अन्य परिषदीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आधी रोटी खाएंगे-स्कूल पढ़ने जाएंगे’ ‘मम्मी पापा हमें पढ़ाओ-स्कूल चलकर नाम लिखाओ’ एवं ‘शिक्षा है अनमोल रतन-पढ़ने का सब करो जतन’ आदि गगन भेदी नारों के माध्यम से जनमानस को सभी बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने का संदेश दिया गया। जागरूकता रैली का नेतृत्व बलाक हुज़ूरपुर अन्तर्गत कम्पोजिट विद्यालय बसंतपुर के बच्चों के बैण्ड ग्रुप द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा जनपदवासियों से शत प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराये जाने की अपील की गई। डीएम ने कहा कि देश के मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का संकल्प है कि 06 से 14 वर्ष आयु वर्ग के शत-प्रतिशत बालक-बालिकाओं का नामांकन हो। कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न होने पाए। निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा प्रदेश के सभी बच्चों का मौलिक अधिकार ही नहीं बल्कि उनके जीवन का आधार है। शिक्षा ही किसी राज्य की सकल पूंजी होती है जिस पर ही राष्ट्र का भविष्य निर्भर होता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी व विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने बच्चों और उनके अभिभावकों से बात कर प्रतिदिन विद्यालय भेजने की अपील की, कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग मिश्रा सहित सभी विकास क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारी और सभी जिला समन्वयक उपस्थित रहे
