“मिशन शक्ति” के षष्ठम चरण का भव्य शुभारंभ !
हरी झण्डी दिखाकर महिला सशक्तिकरण पैदल रैली को किया गया रवाना !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण हेतु संचालित “मिशन शक्ति” के षष्ठम चरण (फेज-6.0) के शुभारंभ के अवसर पर महिला सशक्तिकरण पैदल रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली में मा. एमएलसी डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल मिशन शक्ति दुर्गा प्रसाद तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी/सह-नोडल मिशन शक्ति हर्षिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी लाइन/पयागपुर कनिष्क आर. जामकर सहित जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। रैली में पीआरडी, होमगार्ड्स, आशा बहुएँ, एएनएम, महिला चिकित्सक एवं नर्स, अध्यापिकाएँ, महिला सफाई कर्मी, स्कूल-कॉलेज की छात्राएँ, महिला खिलाड़ी, एनजीओ में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएँ तथा महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपना उत्साह एवं समर्थन प्रदर्शित किया।

रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन, लैंगिक समानता तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं एवं महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, महिला हेल्पलाइन-181 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन-1930 प्रमुख हैं।

मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है। इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों को महिला सुरक्षा एवं नारी सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण विकसित करने का संदेश दिया गया। रैली रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच से प्रारम्भ हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सम्मिलित होकर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपना उत्साह एवं समर्थन प्रदर्शित किया। रैली के दौरान मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित गीत व जिंगल प्रसारित किए गए तथा पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से जनसामान्य को जागरूक किया गया। रैली अस्पताल चौराहा होते हुए पुनः रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच पहुँचकर सम्पन्न हुई। रैली में मां दुर्गा के स्वरूप में सम्मिलित एक बालिका आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रही। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अन्तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, महिला कल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से सहायता प्राप्त करने एवं शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महिला सुरक्षा से सम्बन्धित शिकायतों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया जा रहा है।
