मनोनीत सभासदों को SDM ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ।
हैंसर बाजार- सन्तकबीर नगर।
नगर पंचायत हैंसर धनघटा कार्यालय के सभागार में मंगलवार को शासन द्वारा मनोनीत सभासदों को एसडीएम धनघटा डॉ सुनील कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक गणेश चन्द चौहान एवं भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। नवनियुक्त सभासदों लक्ष्मी नारायण दुबे, दिलीप अग्रहरी, अशोक उर्फ साधु यादव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए, नगर के विकास, स्वच्छता, और जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण से पूर्व विधायक गणेश चन्द चौहान ने कहा कि नगर पंचायत के विकास के लिए प्रदेश सरकार विभिन्न विकास परक योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ नगर पंचायत क्षेत्र की जनता को मिल रहा है। साथ ही उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में विकास कार्य कराने की प्रतिबद्धता जताई।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकू मणि, अधिशासी अधिकारी धीरेन्द्र कुमार सिंह, भाजपा नेता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि नीलमणि, ब्लाक प्रमुख पौली राम मिलन यादव, अमर राय, अनिल जायसवाल आदि अनेक लोग मौके पर मौजूद थे।
