विद्युत पोल में टकराने से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर

विद्युत पोल में टकराने से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर
संतकबीर नगर – धनघटा। धनघटा थाना क्षेत्र के सिरसी गांव के निकट राम जानकी मार्ग पर मंगलवार की सुबह विद्युत पोल से टकराने से 25 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गयी। जब कि बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगो व पुलिस की मदद से दोनों बाइक सवारों को सीएचसी मलौली पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने 25 वर्षीय युवक को मृत घोषित कर दिया। जब कि दूसरे घायल युवक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक बाइक सवार की पहचान बलिया जिले के कुरेजी थान्तर्गत गढ़वार निवासी 25 वर्षीय अर्जुन चौहान पुत्र रविन्द्र चौहान के रूप में हुई। घटना में घायल दूसरा बाइक सवार देवरिया जिले के पिडरी थान्तर्गत मदनपुर निवासी 22 वर्षीय विजय यादव पुत्र अनुराग यादव के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक प्लेटिना मोटरसाइकिल यूपी52बीवी8454 द्वारा देवरिया से रामजानकी मार्ग होते हुए खलीलाबाद जा रहे थे। अभी वह राम जानकी मार्ग पर धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसी के निकट पहुंचे तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। बाइक पर बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगो की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मलौली में भर्ती कराया जहां डक्टरों ने अर्जुन चौहान को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक 22 वर्षीय विजय यादव की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक धनघटा राम कृष्ण मिश्र ने बताया कि मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है।