ITM गीडा में ‘समय प्रबंधन एवं डिजिटल अनुशासन ’ विषय पर ब्रह्माकुमारी संस्थान का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित
गोरखपुर -
इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा, गोरखपुर में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा “ समय प्रबंधन एवं डिजिटल अनुशासन” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को समय के महत्व, सकारात्मक जीवनशैली तथा डिजिटल माध्यमों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप राजयोगिनी बी.के. तृप्ति दीदी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में समय का सही प्रबंधन और तकनीक का अनुशासित उपयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग न केवल समय की बर्बादी करता है बल्कि मानसिक एकाग्रता को भी प्रभावित करता है। इसलिए विद्यार्थियों को डिजिटल साधनों का उपयोग सीमित और उद्देश्यपूर्ण ढंग से करना चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को अपने माता-पिता के लिए समय निकालना चाहिए, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए नियमित रूप से समय देना चाहिए तथा मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा के लिए प्रतिदिन कुछ समय ध्यान (मेडिटेशन) के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने बताया कि जब व्यक्ति अपने समय का सही प्रबंधन करता है तो वह जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलन और सफलता प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. एन.के. सिंह ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक और तकनीक-प्रधान युग में विद्यार्थियों के लिए समय प्रबंधन और डिजिटल अनुशासन अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में फार्मेसी निदेशक डॉ. पी.डी. पांडा, डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, प्रदीप कुमार चौधरी, आर.बी. तिवारी, विनीत पांडेय सहित संस्थान के शिक्षकगण, तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
