गोरखपुर कलेक्ट्रेट में वकीलों और मजदूरों में मारपीट, पथराव
गोरखपुर कलेक्ट्रेट में वकीलों और मजदूरों में मारपीट, पथराव
निर्माण कार्य के दौरान बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद करने से शुरू हुआ विवाद
मजदूरों ने एक अधिवक्ता को सरिया लेकर दौड़ाया, वकीलों से बचने को ठेकेदार सात घंटे एडीएम वित्त के शौचालय में रहा
गोरखपुर –कलेक्ट्रेट परिसर में भवन निर्माण कर रहे मजदूरों और अधिवक्ताओं के बीच शुक्रवार को मारपीट हो गई। पहले मजदूरों ने एक अधिवक्ता को मारने के लिए दौड़ा लिया। बाद में जब अधिवक्ताओं ने ठेकेदार को पकड़ने के लिए दौड़ाया तो उसने एडीएम वित्त के शौचालय में छिप कर खुद को बचाया। सात घंटे तक अधिवक्ताओं ने एडीएम वित्त के आफिस का घेराव किया। बिजली भी काट दी। भारी संख्या में पुलिस की मौजूदगी के बाद शाम छह बजे अधिवक्ता लौटे तब ठेकेदार वहां से निकल पाया। अधिवक्ताओं ने ठेकेदार और उसके 50 मजदूरों पर हमले का आरोप लगाते हुए कैंट थाने में तहरीर दी है मुकदमा दर्ज न होने तक कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है।
