गीडा के एक प्लाईवुड फैक्ट्री में लगी भीषण आग।
गोरखपुर -
गोरखपुर अन्तर्गत गीडा सेक्टर 13 के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक वुड प्लाई फैक्ट्री में आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 8 बजे हुई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं। इसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर से आसमान में साफ देखा जा सकता था। राहत और बचाव कार्य जारी है।
सुबह की शिफ्ट के दौरान भड़की आग-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब फैक्ट्री में कामकाज की शुरुआत हो रही थी, तभी अचानक परिसर के एक हिस्से से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि कर्मचारी कुछ समझ पाते, आग ने पूरी यूनिट को अपनी आगोश में ले लिया। फैक्ट्री में भारी मात्रा में रखी सूखी लकड़ी, केमिकल और प्लाईवुड जैसे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैलती गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर-
आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर तैनात की गई हैं। दमकल कर्मी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फैक्ट्री के अंदर रसायनों की मौजूदगी और भीषण गर्मी के कारण ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी न हो, इसके लिए आसपास की अन्य इकाइयों से भी मदद ली जा रही है।
