डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक।
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 23 फरवरी।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान एम.एल.सी. उ.प्र. विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति की सदस्य एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी द्वारा सुझाव दिया गया कि यातायात सुरक्षा नियमों की जनजागरूकता के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बीच पैम्फलेट का वितरण कराया जाय तथा वाईस रिकार्डर के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी प्रदान की जाय।
जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर चर्चा के दौरान बताया कि कुल चिन्हित 36 ब्लैक स्पाट्स में 29 एनएएच/एनएचएआई से तथा शेष 07 ब्लैक स्पॉट्स पीडब्ल्यूडी/सीडी-1 से सम्बंधित हैं। बैठक में उपस्थित सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया कि आगामी बैठक से पूर्व सभी सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण करा दिये जायेंगे। डीएम ने सभी सम्बन्धित को निर्देश दिया कि सुरक्षात्मक कार्यों को शीघ्र से शीघ्र पूरा कराएं। हिट एण्ड रन से सम्बन्धित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि 57 मामलों की जांच लम्बित हैं। डीएम ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जांचोपरान्त शीघ्र ही समस्त 57 प्रकरणों का निस्तारण किया जायेगा।
डीएम ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र अन्तर्गत मार्गों के निकट स्थित ट्रांसफार्मर्स एवं विद्युत पोलों की शिफ्टिंग हेतु आगणन तैयार कर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। डीएम ने अधि.अधि. नगर पालिका परिषद बहराइच को निर्देश दिया कि नगर पालिका की सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने के लिए प्रापोजल तैयार कर लिया जाय। डीएम ने एआरटीओ को निर्देश दिया कि यातायात निदेशालय का डाटा पीडब्ल्यूडी विभाग को भी साझा किया जाय।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रदीप कुमार एवं अमर सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ओ.पी. सिंह, यात्रीकर अधिकारी अवधराज गुप्ता, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक)/मोटर वाहन निरीक्षक प्रदीप कुमार, अधि.अधि. नगर पालिका परिषद बहराइच प्रमिता सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
