धनघटा चौराहे पर अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुलडोजर
धनघटा चौराहे पर अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुलडोजर ।
– नगर पंचायत हैंसर धनघटा व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हटाये गए अतिक्रमण
धनघटा – सन्तकबीर नगर ।धनघटा चौराहे पर गुरुवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। नगर पंचायत हैंसर धनघटा व पुलिस कर्मियों की संयुक्त कार्रवाई में जगह जगह अतिक्रमण किये स्थानों को जेसीबी से हटाया गया। यह अभियान नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार जारी रहेगा। नगर पंचायत के ईओ व प्रभारी निरीक्षक जेपी दुबे समेत भारी संख्या में पुलिस कर्मी अभियान में शामिल हुए।
धनघटा चौक अतिक्रमण के चपेट में इस कदर आ गया था कि यहां पर आए दिन हादसा हो रहा था। सड़क की पटरी पर दुकानदार जहां कब्ज़ा जमाए थे। वहीं पर सड़क पर टेंपो चालक गाड़ी खड़ी करते थे। जिससे आने जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पिछले महीने चौक पर ट्रक की चपेट में आने से किशोरी की जान चली गई थी तो इस महीने ट्रक दुकान में घुस गया। जिससे मिष्ठान के दुकानदार का 15 लाख से अधिक का नुकसान हुआ। आए दिन हो रहे हादसे के कारण स्थानीय लोग परेशान हो गए थे। लोगों का कहना था कि नगर पंचायत अतिक्रमण हटाने में रुचि नहीं ले रहा है। जिसका खामियाजा राहगीर और स्थानीय लोग भुगत रहे हैं। अतिक्रमण हटाने कि जब जोरदार मांग चली तो बृहस्पतिवार को नगर पंचायत के लोगों की कुंभकर्णी निद्रा टूट गई। ईओ सुधीर कुमार सिंह, थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे, एस आई आर डी यादव, जगदीशपुर चौकी के इंचार्ज विनोद कुमार यादव आदि लोग बुलडोजर लेकर अतिक्रमण हटाने के अभियान में जुट गए। धनघटा थाने से लेकर पुरे चौक को अतिक्रमण मुक्त किया गया। लोगों का कहना है कि एक तरफ अतिक्रमण हटाया जाता है तो दूसरी तरफ अतिक्रमणकारी अतिक्रमण कर लेते हैं। जिसे स्थाई रूप से हटाए जाने की जरूरत है।
