सीडीओ के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले दो कर्मी, गिरेगी गाज ।
धनघटा – संतकबीर नगर।
हैंसर ब्लाक मुख्यालय पर बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी व डीसी मनरेगा डॉ प्रभात कुमार पांडेय के निरीक्षण में ब्लाक पर तैनात दो तकनीशियन अनुपस्थित पाए गए। दोनो कर्मी बिना किसी अवकाश के नदारद थे। सीडीओ ने कहा कि अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई होगी। इससे पूर्व ब्लाक पर अधिकारियों के पहुंचते ही ब्लॉक कर्मियों के बीच हडकंप मच गया। दोनों अफसरों ने ब्लॉक का निरीक्षण कर दस्तावेजों की जांच की। जांच के उपरांत ब्लाक कार्यालय में सीडीओ और डीसी मनरेगा ने ब्लॉक के सभी सचिवों, टीए, एडीओ की उपस्थिति में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक के दौरान स्थापना पटल, मनरेगा, पीएम आवास, शौचालय, स्वयं सहायता समूह, एनएलओबी, लघु सिंचाई, कृषि आदि कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने कहा कि शासन से प्राथमिकता वाले कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा करें। सीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर विकास कार्यों में लापरवाही की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंचायत भवन के निर्माण पर भी सचिवों से जानकारी मांगी। समीक्षा बैठक में ब्लाक पर तैनात तकनीशियन सन्ध्या सिंह व अमरनाथ यादव बिना किसी अवकाश के गायब थे। सीडीओ ने कहा दोनो कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीडीओ के ब्लाक परिसर निरीक्षण में साफ सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सीडीओ ने ब्लाक कार्यालय के विभिन्न पटल का मोके पर पहुंच कर निरीक्षण किया।
इस अवसर पर बीडीओ कृष्ण कुमार द्विवेदी, एडीओ पंचायत दलसिंगार यादव, एडीओ जितेंद्र सिंह, एपीओ मेराज अहमद, अखिलेश चौहान, एकाउंटेंट राजीव राय, आवास बाबू हीरालाल, सचिव उपेंद्र चौधरी, बबलू निषाद, आलोक गुप्ता आदि लोग मौजूद थे।
