बहराइच- सभापति वीरू साहनी ने अधिकारियों एवं सहकारी समितियों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक !
Oplus_16908288
सभापति वीरू साहनी ने अधिकारियों एवं सहकारी समितियों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक !
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच – 06 नवम्बर।
उ.प्र. मत्स्य जीवी सहकारी संघ लिमिटेड के मा. सभापति वीरू साहनी ने कृषि विज्ञान केन्द्र, बहराइच के सभागार में सहकारी समितियों के अध्यक्ष/सचिव एवं मत्स्य व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों तथा जिले के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों एवं लाभार्थियों को जनपद स्तर पर सम्मानित कराया जाय। श्री साहनी ने कहा कि प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देश पर प्रदेश के जनपदों का भ्रमण कर स्थानीय स्तर पर बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन की ज़मीनी हकीकत को परखा जा रहा है ताकि जो भी कमियां पायी जायें उन्हें दूर किया जा सके।
मा. सभापति श्री साहनी ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील एवं ब्लाक स्तर पर तथा मछुआ समुदाय बाहुल्य ग्रामों में शिविर लगाकर विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय स्तर पर बनाये गये व्हाट्सअप ग्रुप पर समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा अधिक से अधिक मछुआ समुदाय के लोगों के मोबाइल नम्बर जोड़े जायें। बैठक के माध्यम से उन्होंने मछुआ समुदाय तथा समितियों को आहवान किया वे स्वयं भी मत्स्य कार्यालय आकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं की पात्रता इत्यादि के बारे में जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठायें।

किसान क्रेडिट कार्य की समीक्षा के दौरान श्री साहनी ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक मछुआ समुदाय को योजना से आच्छादित कर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। मा. सभापति ने बैठक में मौजूद जिला विकास अधिकारी राज कुमार व लीड बैंक प्रबन्ध जितेन्द्र कुमार मसन्द को निर्देश दिया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना को धरातल पर क्रियान्वित करने में अपेक्षित सहयोग प्रदान करें। उन्होंने लीड बैंक प्रबन्धक को निर्देश दिया कि केसीसी से सम्बन्धित आवेदन पत्रों को समय से निस्तारित करायें। निषादराज बोट सब्सिडी योजना की समीक्षा के दौरान मा. सभापति ने मछुआ समुदाय को सुझाव कि नाव को क्रय करने के बजाय स्वयं ही उपयोगी लकड़ी की मदद से नाव तैयार कर सब्सिडी का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने सुझाव दिया कि नाव तैयार करने की प्रक्रिया में जो भी सामग्री क्रय करें उसका जीएसटी बिल अवश्य प्राप्त करें।
मा. सभापति श्री साहनी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के पोर्टल पर अधिक से अधिक मछुआ समुदाय के लोगों का पंजीकरण कराया जाय। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन क्षेत्र को औपचारिक बनाने तथा मत्स्य उद्यमों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के अन्तर्गत मत्स्यपालकों को ऋण, बीमा और प्रदर्शन अनुदान जैसे लाभ देने का प्राविधान है। श्री साहनी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि मछुआ दुर्घटना बीमा योजना से अधिक से अधिक मछुआ समुदाय को आच्छादित करें। श्री साहनी ने ग्रामसभा के तालाबों का शत-प्रतिशत पट्टा आवंटन कराये जाने का भी निर्देश दिया। बैठक का संचालन प्रभारी सहायक निदेशक मत्स्य बाबू राम ने किया। इस अवसर पर मत्सय निरीक्षक दीपक मिश्रा व अन्य अधिकारी, जिले की सहकारी समितियों के पदाधिकारी व सदस्य, मत्स्य व्यवसाय से जुड़े उद्यमी मौजूद रहे। बैठक के पश्चात मा. सभापति ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ वार्ता भी की।
