बहराइच- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण, दुर्घटनाओं में कमी के दिए निर्देश।
Oplus_16908288
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण, दुर्घटनाओं में कमी के दिए निर्देश।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच, 19 जनवरी।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद बहराइच में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का सोमवार को संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों द्वारा किया गया।
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में अंकित वर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रदीप कुमार, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) तथा बृजेश कुमार मिश्रा, यातायात प्रभारी निरीक्षक द्वारा जनपद के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान बहराइच–सीतापुर मार्ग पर स्थित बेड़नापुर, रमवापुर एवं भगवानपुर चौराहा तथा बहराइच–लखनऊ मार्ग पर स्थित टिकोरा मोड़ एवं मरौचा को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित करते हुए वहां सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद संबंधित स्थानों पर प्रभावी प्रकाश व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण, स्पीड ब्रेकर/स्पीड टेबल एवं चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाने को आवश्यक बताया, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, ओवरलोडिंग से बचने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वैध कागजात साथ रखने तथा रात्रि में लाइट व संकेतकों के सही उपयोग के प्रति जागरूक भी किया गया।
इस अभियान में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
