बहराइच- जरवल चीनी मील पर 1428 ट्रैक्टर-ट्रालियों पर लगाए गए रिफ्लेक्टिव टेप।
Oplus_16908288
जरवल चीनी मील पर 1428 ट्रैक्टर-ट्रालियों पर लगाए गए रिफ्लेक्टिव टेप।
रिपोर्ट – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच।
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जरवल चीनी मील परिसर में संभागीय परिवहन अधिकारी आर.के. सरोज एवं यात्री कर अधिकारी अवधराज गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाने का विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में गन्ना ढुलाई में लगे ट्रैक्टर-ट्राली वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल 1428 ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जा चुके हैं। इससे विशेष रूप से रात्रि के समय और कोहरे में वाहनों की दृश्यता बढ़ेगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।
इस अवसर पर जरवल चीनी मील के संदीप चौधरी एवं राणा जी भी मौजूद रहे। उन्होंने परिवहन विभाग की इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह अभियान न केवल वाहन चालकों बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
परिवहन अधिकारियों ने ट्रैक्टर चालकों को यातायात नियमों के पालन, वाहन की नियमित जांच, रिफ्लेक्टर, इंडिकेटर एवं ब्रेक लाइट को दुरुस्त रखने के संबंध में जागरूक किया। साथ ही यह भी कहा गया कि बिना रिफ्लेक्टिव टेप के चलने वाले भारी वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है।
परिवहन विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है और इसे जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक सराहनीय एवं महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
