आवारा कुत्तों का आतंक: पांच वर्षीय बच्चे पर हमला, कान कटने से हालत गंभीर, बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर !
ब्यूरो चीफ – दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
रिसिया, बहराइच।
रिसिया क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आवारा कुत्तों के झुंड लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ हैं। इसी क्रम में शनिवार को रविदास नगर (मैला) निवासी पांच वर्षीय दिलशाद पुत्र शहादत अली पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमले में कुत्ते ने बच्चे के कान को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रिसिया लेकर पहुंचे। बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रिसिया क्षेत्र के कई मोहल्लों और गांवों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल है। लोगों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों में दीपक निषाद पुत्र गोपाल निषाद, हामिद खान पुत्र बरसाती निवासी इटकवरी तथा तहसीन खां पुत्र बेचू खां निवासी परेवा खान सहित अन्य लोगों ने भी क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर चिंता जताई है।
