एचआरपीजी डिग्री कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद’: युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान !
संत कबीर नगर, 26 नवम्बर।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एचआरपीजी डिग्री कॉलेज) में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संवाद एवं संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संविधान के महत्व व नागरिक जिम्मेदारियों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी रहे। संचालन डॉ. मनोज कुमार भारतीय ने किया और आभार डॉ. हेमंत शंकर ने व्यक्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, सामाजिक जिम्मेदारी समझने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया गया। साथ ही, विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान, कार्यक्रम सहायक सुधांशु त्रिपाठी, एमटीएस प्रिन्स त्रिपाठी तथा स्वयंसेवक योगेन्द्र यादव व अवनीश मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
