‘एक स्वर, एक संविधान’: संत कबीर नगर के 295 स्कूलों में 37,720 विद्यार्थियों ने पढ़ा प्रस्तावना पाठ
संत कबीर नगर, 26 नवम्बर।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद में “एक स्वर, एक संविधान” कार्यक्रम के तहत भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में जिले के 295 विद्यालयों के कुल 37,720 विद्यार्थियों ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना पढ़कर लोकतांत्रिक आदर्शों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम खलीलाबाद स्थित हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित हुआ, जहां लगभग 4,000 विद्यार्थियों ने न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सामूहिक प्रस्तावना पाठ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह मौजूद रहे। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम गजेन्द्र, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) चन्द्र मोहन श्रीवास्तव, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्ण कुमार पंचम, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिव्यानन्द, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेन्द्र कुमार और जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार ओझा, नोडल अध्यापक चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी व शिक्षक पुनीत कुमार त्रिपाठी समेत शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। संचालन शिक्षक संत मोहन त्रिपाठी ने किया।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को संविधान के न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों की जानकारी दी गई तथा मौलिक कर्तव्यों के निर्वहन और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। यह कार्यक्रम “संविधान संवाद” अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत स्कूलों में विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से छात्रों को अधिकारों, कर्तव्यों और विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, विभिन्न विद्यालयों में आयोजित संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।

