संत कबीर नगर: डीएम व एसपी ने जिला कारागार का किया संयुक्त निरीक्षण, बच्ची को दिए वस्त्र ।
संत कबीर नगर ।
जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरक, जेल परिसर, कार्यालय, अस्पताल, महिला बैरक और मेस (पाकशाला) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान जिलाधिकारी ने महिला बैरक में निरूद्ध महिला बंदी के साथ रह रही ढाई वर्षीय बच्ची को वस्त्र भेंट किए।

निरीक्षण के समय कारागार के सभी अधिकारी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पूर्ण गणवेश में मौजूद रहे। इस अवसर पर जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
