पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित: “शिक्षा ही सबसे बड़ा गहना, कानून की जानकारी से ही सुरक्षित रहेंगे अधिकार”
संतकबीरनगर।
विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुश्री अनन्या साह के निर्देशन में गुरुवार को खलीलाबाद स्थित पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज में एक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया।
पढ़ी-लिखी बेटी अपने परिवार की खुद वकील होती है
शिविर को संबोधित करते हुए लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कानून की जानकारी होने पर ही व्यक्ति अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा गहना है, क्योंकि एक पढ़ी-लिखी और जागरूक बेटी अपने पूरे परिवार की खुद वकील होती है और वही देश की कर्णधार है। उन्होंने छात्राओं को देश-दुनिया की खबरों से हमेशा अपडेट रहने की सलाह भी दी।

गुड टच-बैड टच और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ‘गुड टच और बैड टच’ के अंतर को समझाया गया। चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी प्रकार के असहज व्यवहार या अपराध की स्थिति में डरने के बजाय तुरंत कानून की मदद लेनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के प्रावधानों के साथ-साथ आपातकालीन और सहायता नंबरों की विस्तृत जानकारी दी:
* 112: पुलिस सहायता नंबर
* 181: महिला हेल्पलाइन नंबर
* 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर
* 15100: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का टोल-फ्री नंबर
संविधान और विधिक सेवाओं पर हुई चर्चा

डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पाण्डेय ने भारतीय संविधान में वर्णित महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को प्रदान की जा रही निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय की नोडल शिक्षक ऋचा श्रीवास्तव, शाहनवाज, मुलायम यादव सहित अन्य महिला शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
