पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश से खौफ में आई वांछित महिला आरोपी, कोर्ट में किया सरेंडर ,अब तक 10 गिरफ्तार –
संतकबीरनगर –
संतकबीरनगर जनपद के थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में चर्चित ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड को लेकर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस की लगातार सख्त दबिश और संभावित गिरफ्तारी के खौफ से भयभीत होकर इस सनसनीखेज मामले में लंबे समय से वांछित चल रही महिला अभियुक्ता ने अंततः माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया है।
क्या था पूरा मामला और कैसे हुआ था हमला:
यह खौफनाक वारदात बीते 22 सितंबर 2026 की है। वादी रमाकांत यादव पुत्र दयाराम यादव ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था कि उनके भाई ब्रह्मानंद यादव जब घर से गिढ़िनी बाजार जा रहे थे, तभी रास्ते में राकेश यादव के घर के सामने पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने एक सुनियोजित साजिश के तहत उनकी बुलेट गाड़ी रोक ली।
आरोपियों ने बेरहमी से ब्रह्मानंद की आँखों में पिसा हुआ लाल मिर्च झोंक दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उनपर ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया गया। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुँचे और डायल 112 की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस क्रूर घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अब तक 9 अभियुक्त गिरफ्तार:
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने अपराधियों पर शिकंजा कसना जारी रखा।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा (मु0अ0सं0 890/2026 धारा 103(1), 3(5) व अन्य सुसंगत धाराएं BNS) दर्ज किया था। विवेचना के दौरान नामजद और प्रकाश में आए कुल 9 अभियुक्तों—राकेश यादव, अजय, अभिमन्यु, रामस्वरूप यादव, संजय यादव, सुरेंद्र यादव, योगेंद्र यादव उर्फ योगी, रामललित यादव और बृजेश यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के खौफ से अभियुक्ता ने किया सरेंडर:
इस हत्याकांड में फरार चल रही वांछित अभियुक्ता निशा पत्नी दुर्गेश यादव (निवासी: भगठान गोसाईपुर, थाना कोतवाली खलीलाबाद) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस की इस प्रभावी और कड़ी कार्रवाई के डर से बचने का कोई रास्ता न पाकर, अभियुक्ता ने 11.11.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सीजेएम संतकबीरनगर की अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकरण में बचे हुए अन्य शेष अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा।
