इंसानियत की मिसाल: विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम नारायण तिवारी के अथक प्रयासों से 16 घंटे के रेस्क्यू के बाद 15 फीट गहरे गड्ढे से सुरक्षित निकाले गए मादा श्वान के 4 नवजात शावक !
संत कबीर नगर ।
खलीलाबाद के कसैला गाँव में जीव-दया और मानवता की एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है। यहाँ विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम नारायण तिवारी के अथक प्रयासों, सूझबूझ और सतत निगरानी के चलते, लगभग 15 फीट गहरी और संकरी खाई में गिरे चार नवजात शावकों को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना का विवरण:
घटना से मात्र दो दिन पूर्व ही ‘ऐली’ नामक मादा श्वान ने चार बच्चों को जन्म दिया था। ये नवजात शावक गाँव के दक्षिण में स्थित कुलदेवी मंदिर के पास जमीन की तलहटी में जंगली जानवर ‘शाही’ द्वारा बनाए गए एक गहरे और संकरे बिल (मान) में भोर में लगभग 4 बजे अनजाने में गिर गए।

अपने चारों बच्चों को गड्ढे में गिरते देख मादा श्वान ऐली जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगी। उसकी पुकार सुनकर जब स्थानीय निवासी मौके पर पहुँचे, तो उन्होंने पाया कि गड्ढा अत्यंत संकरा और लगभग 15 फीट गहरा है, जहाँ कीड़े-मकोड़ों और जंगली जानवरों का भी खतरा था।

श्याम नारायण तिवारी के नेतृत्व में 16 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन:
सुबह 5 बजे से ही स्थानीय निवासी प्रियांशु सिंह, जगन्नाथ सिंह व अन्य लोग कुदाल व सब्बल से मिट्टी खोदने में जुट गए। जब स्थानीय स्तर पर और डायल 112 तथा प्रशासनिक मशीनरी (जेसीबी आदि के मामले में) से पर्याप्त मदद नहीं मिल पाई, तब मुहल्ले की निवासिनी पूजा सिंह द्वारा इसकी सूचना श्री श्याम नारायण तिवारी को दी गई।
सूचना मिलते ही श्याम नारायण तिवारी ने तुरंत इस पूरे घटनाक्रम की कमान अपने हाथ में ली। उन्होंने न केवल स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका के अधिकारियों से बात कर जेसीबी भेजने का पुरजोर प्रयास किया, बल्कि स्वयं लगातार मौके पर डटे रहे और पूरी टीम का हौसला बढ़ाते रहे।

प्रशासनिक सहयोग न मिलने पर उन्होंने हार नहीं मानी और अपने निजी प्रयासों से देर रात्रि करीब 7 बजे प्राइवेट जेसीबी बुलवाई, जिससे संकरे बिल को चौड़ा किया गया। इसके बाद अपनी जान जोखिम में डालकर दो युवकों को बिल के अंदर उतारा गया और खुरपी की सहायता से सुरक्षित रास्ता बनाया गया।
खुशी का माहौल:
भोर में लगभग 5 बजे से शुरू हुआ यह कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन श्याम नारायण तिवारी के कुशल नेतृत्व और सभी के सामूहिक सहयोग से आखिरकार रात करीब 9 बजे सफलता के साथ समाप्त हुआ। 16 घंटे के लंबे संघर्ष के बाद चारों शावकों को जीवित एवं सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। नन्हें बच्चों के सकुशल बच जाने पर माँ ऐली और स्थानीय लोगों की आँखें नम हो गईं तथा सभी के चेहरों पर खुशी लौट आई।

इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस संपूर्ण और मानवीय रेस्क्यू कार्य को श्री श्याम नारायण तिवारी के अथक प्रयासों से सफलता तक पहुँचाने में स्थानीय निवासी जगन्नाथ सिंह, देवेंद्र सिंह, प्रियांशु सिंह, गौरव सिंह, अवधेश कुमार, जेसीबी मालिक अमन सिंह, अभिषेक कुमार, उज्जवल सिंह, शुभम सिंह, अंशुमान सिंह, अदिश सिंह, पूजा सिंह एवं अन्य सभी साथियों ने जी-जान से सहयोग कर सच्ची इंसानियत का परिचय दिया। सभी ने इस संकट की घड़ी में जीव-दया का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है।

