संतकबीरनगर: शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियां पूरी, 22 अक्टूबर को रवाना होंगी मतदान पार्टियां; 7 केंद्रों पर 1540 मतदाता डालेंगे वोट ।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन: 23 अक्टूबर को होगा मतदान, जिले में बनाए गए 7 पोलिंग बूथ ।
संतकबीरनगर –
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (विधान परिषद) के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्य प्रकाश ने जानकारी दी है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
22 अक्टूबर को रवाना होंगी मतदान पार्टियां –
निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पोलिंग पार्टियों की रवानगी 22 अक्टूबर 2026 को प्रातः 09:00 बजे से जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (DPRC), विकास भवन परिसर से की जाएगी। प्रशासन द्वारा सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, मतदान अधिकारियों और माइक्रो ऑब्जर्वर्स को अपनी ड्यूटी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में बनाए गए 7 मतदान केंद्र, 1540 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग –
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए जनपद संत कबीर नगर में कुल 07 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिन पर कुल 1540 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान आगामी 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक संपन्न होगा।
निर्धारित मतदान केंद्रों की सूची: –
- केंद्र संख्या 194: क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, सांथा ।
- केंद्र संख्या 195: क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, मेहदावल ।
- केंद्र संख्या 196: क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, सेमरियावां ।
- केंद्र संख्या 197: क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, बघौली ।
- केंद्र संख्या 198: क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, खलीलाबाद ।
- केंद्र संख्या 199: क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, नाथनगर ।
- केंद्र संख्या 200: क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, हैंसर बाजार।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
